द फॉलोअप डेस्क
पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के टोंटो थाना क्षेत्र स्थित पुरनापानी बाजार टांड़ में शनिवार सुबह एक पारा शिक्षक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान लगभग 50 वर्षीय मुकरु देवगम के रूप में हुई है। घटना सुबह करीब 7.30 बजे की बताई जा रही है। मुकरु देवगम सुंडी सुरनियों स्कूल में पारा शिक्षक के रूप में कार्यरत थे और हर सप्ताह की तरह बाजार करने पुरनापानी पहुंचे थे।.jpeg)
इधर, घटना की जानकारी ग्रामीण मुंडा के जरिए पुलिस तक पहुंचते ही मामला तत्काल गंभीरता से लिया गया। पुलिस अधीक्षक चाईबासा के निर्देश पर जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई और इलाके में छापामारी अभियान चलाया गया।.jpg)
तकनीकी इनपुट ने खोला सुराग, तीन आरोपी दबोचे गये
पुलिस की तकनीकी शाखा की मदद से जांच आगे बढ़ा और महज 24 घंटे के भीतर 30 नवंबर की सुबह ग्राम केजरा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सोमा सुंडी (25 वर्ष), सीनू गौड़ (20 वर्ष) और मंगल कारोवा (20 वर्ष) शामिल हैं। तीनों टोंटो थाना क्षेत्र के अलग-अलग टोलों के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर वारदात में इस्तेमाल किये गये खून सने पत्थर, लकड़ी का डंडा, खून लगी मिट्टी और हत्या के दौरान पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
हड़िया पीने की बात पर शुरू हुआ विवाद, हत्या में बदला
पुलिस जांच में सामने आया है कि बाजार के दौरान हड़िया/रासी पीने को लेकर आरोपियों और पारा शिक्षक के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। जिसके बाद गुस्से में आए आरोपियों ने मिलकर मुकरु देवगम पर हमला कर दिया और उन्हें पत्थर व लाठी-डंडों से पीटते हुए मौत के घाट उतार दिया।