logo

पारसनाथ के जंगल में केन बम और 38 ग्रेनेड शेल बरामद, पुलिस-CRPF का सर्च ऑपरेशन

पारसनाथ के जंगल में केन बम और 38 ग्रेनेड शेल बरामद, पुलिस-CRPF का सर्च ऑपरेशन

गिरिडीह
गिरिडीह जिले के पारसनाथ पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल  को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीम ने जिख्वाबेड़ा जंगल के पास सर्च ऑपरेशन चलाकर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और ग्रेनेड बनाने में इस्तेमाल होने वाले सामान बरामद किए हैं। बरामद सामग्री में करीब पांच किलोग्राम का एक केन बम, 38 लोहे के अर्धनिर्मित ग्रेनेड शेल समेत अन्य सामान शामिल हैं। इस संबंध में गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी गई। पुलिस के अनुसार, एसपी डॉ. बिमल कुमार और CRPF की 154वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी को गुप्त सूचना मिली थी कि पारसनाथ के पहाड़ी क्षेत्र में जिख्वाबेड़ा जंगल के पास नक्सलियों ने किसी विध्वंसक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से विस्फोटक सामग्री और हथियार छिपाकर रखे हैं।

अधिकारियों के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई

सूचना की पुष्टि और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस तथा CRPF के अधिकारियों के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुरजीत कुमार और CRPF की 154वीं बटालियन के द्वितीय कमान पदाधिकारी अभिनव आनंद के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान में खुखरा थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार सिंह, मधुबन थाना के पुलिस पदाधिकारी मणिलाल सिंह और उमेश कुमार सिंह समेत CRPF की QAT टीम एवं जिला पुलिस बल के जवान शामिल रहे।

क्या-क्या बरामद किया गया

सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम ने जंगल के पास से करीब पांच किलोग्राम वजन का एक केन बम, लगभग 35 मीटर कोडेक्स वायर, एक बंडल इलेक्ट्रिक वायर, 38 लोहे के अर्धनिर्मित ग्रेनेड शेल, ग्रेनेड बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री और एक इमरजेंसी लाइट बरामद की। पुलिस को आशंका है कि बरामद विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल नक्सली किसी बड़ी विध्वंसक घटना को अंजाम देने के लिए कर सकते थे। संयुक्त अभियान के दौरान समय रहते सामग्री की बरामदगी को सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पारसनाथ के पहाड़ी और जंगली इलाकों में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस एवं सुरक्षा बलों की कार्रवाई जारी है।

Tags - Giridih Naxalism CRPF Explosives Police