द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को साकची थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नशीला व्हाइटनर और डायल्यूटर बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि शहर में नशे का जाल लगातार फैलता जा रहा है और इसकी चपेट में अब छोटे-छोटे बच्चे भी आ रहे हैं, जिसे देखते हुए यह विशेष अभियान शुरू किया गया है।.jpeg)
इसके तहत साकची के टीना शेड और मछली मार्केट इलाके में जब स्थानीय युवाओं ने नशे की गिरफ्त में फंसे नाबालिग बच्चों को देखा, तो उन्होंने साहस दिखाते हुए एक संदिग्ध बच्चे से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर युवाओं ने साकची पुलिस को सूचित किया। 
सूचना मिलते ही पुलिस ने जायसवाल बिल्डिंग समेत कई ठिकानों पर संयुक्त रूप से छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दुकानदार ने शुरुआत में केवल 3 से 4 पीस व्हाइटनर होने की बात कही, लेकिन जब तलाशी ली गई तो वहां से 20 पेटी से अधिक व्हाइटनर और डायल्यूटर बरामद किया गया। बरामद नशीला पदार्थ इतना अधिक था कि उसे थाने ले जाने के लिए पुलिस को तीन ऑटो मंगवाने पड़े। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और नशे के इस अवैध सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।