logo

मंगल ध्वनि से शुरू होगा प्राण प्रतिष्ठा समारोह, 18 राज्यों के 50 कलाकार लेंगे हिस्सा; झारखंड का ये वाद्य बजेगा  

rm_music.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

कल, 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा (Ram Mandir Pran Pratistha) समारोह की शुरुआत मंगल ध्वनि से होगी। भाव भक्ति में डूबी इस मंगल ध्वनि को साज देने के लिए 18 राज्यों के 50 से अधिक कलाकार रियाज कर रहे हैं। राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से मिली जानकारी में कहा गया है कि अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर होने वाली प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रातःकाल 10 बजे से 'मंगल ध्वनि' का भव्य वादन होगा। इसमें 50 से अधिक मनोरम वाद्ययंत्र, विभिन्न राज्यों से, लगभग 2 घंटे तक इस शुभ घटना का साक्षी बनेंगे। अयोध्या के यतीन्द्र मिश्र इस भव्य मंगल वादन के परिकल्पनाकार और संयोजक हैं और इसमें केंद्रीय संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली ने सहयोग किया है।

किस राज्य का कौन सा वाद्य यंत्र बजाया जायेगा 

राम मंदिर ट्रस्ट ने बताया है कि यह भव्य संगीत कार्यक्रम हर भारतीय के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर का प्रतीक है, जो प्रभु श्री राम के सम्मान में विविध परंपराओं को एकजुट करता है। बताया है कि मंगल ध्वनि के कार्यक्रम में यूपी की ओर से पखावज, ढोलक, बांसुरी कर्नाटक से वीणा, झारखंड से सितार, बिहार से पखावज, पंजाब से अलगोजा, महाराष्ट्र से सुन्दरी, उड़ीसा से मर्दल, मध्य प्रदेश से सन्तूर, मणिपुर से पुंग, असम से नगाड़ा, काली, छत्तीसगढ़ से तम्बूरा, दिल्ली से शहनाई, राजस्थान से रावणहत्था, पश्चिम बंगाल से श्रीखोल, सरोद तमिलनाडु से नागस्वरम, तिवल और मृदंगम, आंध्र प्रदेश से घटम और उत्तराखंड से हुड़का वाद्य यंत्रों के कलाकार हिस्सा लेंगे। 


23 जनवरी से आमजन कर सकेंगे प्रभु राम का दर्शन 

गौरतलब है कि प्रभु राम की प्रतिमा को आज नये राम मंदिर (Ram Mandir) में रखा जायेगा। साथ ही आज से पुराने गर्भगृह में रामलला के दर्शन नहीं होंगे। मिली खबर के मुताबिक प्रभु राम की प्रतिमा को आज शाम को शुभ मुहुर्त पर रखा जायेगा। इसके लिए अनुष्ठान की शुरुआत हो चुकी है। 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के बाद आमजन रामलला का दर्शन 23 जनवरी से कर पायेंगे। प्रभु राम की प्रतिमा को नये मंदिर तक लाने के लिए स्वर्ण मंडित आधार तैयार किया गया है। बता दें कि कल 22 जनवरी को पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा होगी। एक अन्य खबर के मुताबिक अयोध्या में गैर अधिकृत वाहनों की एंट्री 23 जनवरी तक बंद रहेगी।