द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र से सामने आई एक घटना ने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। स्कूल से घर लौटती महज 5 साल की एक मासूम बच्ची के साथ उसके ही वैन चालक के द्वारा अश्लील हरकत करने की बात सामने आई है। इस घटना ने न सिर्फ एक परिवार के भरोसे को तोड़ दिया, बल्कि पूरे समाज को कठघरे में खड़ा कर दिया है।
दरअसल, जिस स्कूल वैन पर रोज भरोसे के साथ बच्चे बैठते हैं, उसी वैन में एक मासूम बच्ची की सुरक्षा तार-तार कर दी गई। आरोप है कि वैन चालक ने बच्ची के साथ स्कूल से घर लौटते वक्त अश्लील हरकत की। शाम को जब बच्ची घर पहुंची, तो उसकी चुप्पी, उसका डर, उसकी टूटी हुई आंखें बहुत कुछ कह रही थीं। परिजनों ने जब हिम्मत जुटाकर उससे पूछा, तो मासूम ने जो बताया, उसने पूरे परिवार को भीतर तक तोड़ दिया। जिसके बाद बिना देर किए परिजन बच्ची को लेकर थाने पहुंचे। जिसके बाद बच्ची के मां के बयान पर वैन चालक को अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित भारतीय दंड संहिता की सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया है। 
इधर, सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना की पुलिस हरकत में आई और आरोपी वैन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं पीड़िता का सदर अस्पताल में मेडिकल कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी के मोबाइल फोन, स्कूल वैन और अन्य साक्ष्यों को जब्त कर घटना के हर बिंदु की जांच की जा रही है। दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा।.jpg)
दूसरी ओर इस घटना के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। लोगों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। स्कूल प्रबंधन ने वैन चालकों के सत्यापन और निगरानी प्रक्रिया को और सख्त करने की बात कही है। समाजसेवी संगठनों ने भी पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने का भरोसा दिलाया है।