logo

रांची में श्री श्याम निशान अमृत महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ, अखंड ज्योत के साथ 3 दिवसीय आयोजन शुरू

SHREE.jpg

रांची 
श्री श्याम परिवार, रांची द्वारा आयोजित तीन दिवसीय श्री श्याम निशान अमृत महोत्सव 2026 का शुभारंभ शनिवार तड़के भव्य धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। 1 फरवरी 2026 को प्रातः 4 बजे अध्यक्ष श्रवण जालान (सपरिवार) द्वारा श्री गणेश पूजन सहित सभी देवी-देवताओं और प्रभु श्री श्याम की विधिवत पूजा की गई। इस अवसर पर प्रभु श्री श्याम की अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई।
देश के विभिन्न कोनों से लाए गए रंग-बिरंगे फूलों से प्रभु का मनमोहक श्रृंगार किया गया। महोत्सव के दौरान भजनों के माध्यम से प्रभु गुणगान किया गया, जिसमें महेश सैन, मंटू जालान, विष्णु शर्मा, विशाल शर्मा, जयदीप राज सहित अन्य सदस्यों ने सहभागिता निभाई। प्रभु को 56 भोग, महाभोग, खीर-चूरमा, फल एवं मेवों का भोग अर्पित किया गया।
प्रातः 8 बजे सुरेश बजाज के नेतृत्व में सस्वर सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें करीब 300 श्रद्धालुओं ने भाग लिया। दोपहर बाद स्थानीय धार्मिक संस्थाओं ने भजनों की प्रस्तुति दी। सवामणि प्रसाद का वितरण लगभग 2000 भक्तों के बीच किया गया, जिसकी जिम्मेदारी श्री रानी सती मंडल, रांची ने निभाई।


शाम 4 बजे से भजन संध्या में वाराणसी से आए कृष्णा दाधीच ने श्याम महिमा का गुणगान कर भक्तों को भावविभोर कर दिया। इसके बाद राजस्थान के सूरजगढ़ धाम से आए सुप्रसिद्ध भजन प्रवाहक संजय सैन ने अपने भजनों से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। ग्वालियर से पधारी ज्योति पाल ने फागुन और होली के भजनों से पूरे माहौल को श्याममय बना दिया, जिससे दुर्गाबाड़ी परिसर खाटू धाम जैसा प्रतीत होने लगा।
महोत्सव में खाटू धाम से विशेष रूप से पधारे शक्ति सिंह चौहान (अध्यक्ष, श्री खाटू धाम मंदिर कमेटी, राजस्थान) ने विशेष पूजा-अर्चना कर भक्तों को आशीर्वाद दिया और मोरछड़ी का झाड़ा प्रदान किया।


कार्यक्रम के दौरान इत्र वर्षा और पुष्प-होली आकर्षण का केंद्र रही। इसके बाद 101 वैवाहिक जोड़ों ने महाआरती में भाग लेकर प्रभु श्री श्याम की आरती की। अध्यक्ष श्रवण जालान ने बाहर से आए सभी भजन मंडलों को सम्मानित किया।
महोत्सव को सफल बनाने में महामंत्री मंटू जालान, संयोजक पवन लोहिया सहित श्री श्याम परिवार के अनेक सदस्यों का योगदान रहा। यह जानकारी प्रचार संयोजक अमित चौधरी ने दी।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest Breaking News Dai।y News News Update।atest News Nationa। News State News