रांची
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण एक सहभागी एवं पारदर्शी प्रक्रिया है, इसका प्रत्येक स्तर पर अंकेक्षण किया जाता है एवं अपील के भी प्रावधान है। उन्होंने कहा कि आज पूरे राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रम में बीएलओ एवं बीएलए 2 की बैठक आयोजित की गई इसके साथ–साथ सभी मतदान केंद्रों हेतु बीएलओ को इन्यूमरेशन फॉर्म भी उपलब्ध करा दी गई है। के. रवि कुमार मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के सबसे महत्वपूर्ण चरण इन्यूमरेशन फेज के शुभारंभ के अवसर पर निर्वाचन सदन से मीडिया के प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे।

सोशल मीडिया कैंपेन का आयोजन
के. रवि कुमार ने कहा कि इन्यूमरेशन फेज के शुभारंभ के अवसर पर जन–जन को इसके तथ्यों से अवगत कराने हेतु सोशल मीडिया कैंपेन का आयोजन किया गया था। दो दिवसीय इस जागरूकता अभियान के पहले दिन सभी (ELC) मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से पूरे राज्य में एसआईआर से संबंधित जागरूकता पोस्टर एवं वीडियो को मतदाताओं एवं फ्यूचर मतदाताओं को दिखाया एवं इसका पाठन कराया गया था। इसके दूसरे दिन आज मंगलवार को सभी जिलों के सोशल मीडिया हैंडल्स, मीडिया, डिजीटल क्रिएटर के माध्यम से #JharkhandSIR का उपयोग करते हुए एसआईआर से संबंधित तथ्यों को लाखों की संख्या में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रचारित किया गया, जो ग्लोबल ट्रेंडिंग में भी दिखा।

आंशिक रूप से भरा हुआ इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा
के रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ द्वारा घर घर जाकर आंशिक रूप से भरा हुआ इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा जिसे मतदाताओं द्वारा सत्यापित करते हुए उसमें अपने विगत के एसआईआर से संबंधित विवरण भर कर अपने बीएलओ को जमा करना होगा। उन्होंने प्रवासी मतदाताओं के संबंध में कहा कि ऐसे मतदाता ऑनलाइन माध्यम से अपने बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म जमा कर सकते हैं साथ ही मतदाता के अनुपस्थिति में उनके पात्र मतदाता परिजन भी उनके स्थान पर इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर संबंधित बीएलओ को जमा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की मैपिंग को दो स्तरीय प्रक्रिया द्वारा सत्यापित करने का कार्य किया जाएगा जिसमें पहले स्तर पर बीएलओ सुपरवाईजर एवं दूसरे स्तर पर ईआरओ/एईआरओ द्वारा सत्यापित किया जाना है।
