logo

भारत के इतिहास में ये पहला मौका, जब कोई CM जांच एजेंसी से भाग रहा है: निशिकांत दुबे 

NISHIKANT2.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

राज्य की मौजूदा सियासी हलचल के बीच बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे (Nishikant Dubey) ने आज कहा कि ये पहला मौका है जब किसी राज्य का सीएम जांच एजेंसी के समक्ष पेश होने से भाग रहा है। निशिकांत ने आगे कहा, मीडिया के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत भगौड़ा की तरह व्यवहार कर रहे हैं। भारत के इतिहास में संभवतः पहला मौक़ा है जब किसी राज्य का मुख्यमंत्री जांच एजेंसी का सामना करने से कतरा रहा है। बीजेपी सांसद दुबे ने इस मामले में ट्विट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है।  

सीएम को लेकर जाहिर की ये आशंका 
बीजेपी सांसद ने आगे कहा, ‘मैंने पहले ही कहा था कि झारखंड सरकार का महाधिवक्ता मेरे झारखंड की आनबान और शान वीर शिबू सोरेन जी के बेटे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भगौड़ा घोषित कर देगा।  आज मेरी बात सही साबित होती दिख रही है।’ कहा कि मीडिया की ख़बरों के अनुसार या तो हेमंत सोरेन भाग गए दिल्ली से या तो बीमार हो गए हैं। या तो उनका अपहरण हो गया है। झारखंड के राज्यपाल को उनके सुरक्षा अधिकारी को बर्खास्त करना चाहिए। झारखंड की नाक कट गयी। 

बाबूलाल ने दी ये प्रतिक्रिया 

इधर, झारखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि ईडी अधिकारियों के डर से मुख्यमंत्री के लापता होने की सूचना न्यूज चैनलों के माध्यम से प्राप्त हो रही है। अगर इस खबर में सत्यता है,  तो यह झारखंड के लिए संवैधानिक संकट की स्थिति है। राज्यपाल से निवेदन है कि वो मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री को तलब कर जांच एजेंसी से भागने का कारण पूछें। क्योंकि झारखंड की साख और प्रतिष्ठा दांव पर है। अपनी इन हरकतों से हेमंत ने हमारे आदिवासी समाज की प्रतिष्ठा और गौरव को मिट्टी में मिलाने का काम किया है।