logo

हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी पर क्या बोले राहुल और प्रियंका गांधी सहित कांग्रेसी नेता

a576.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखँड के निवर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने कहा कि ईडी, सीबीआई और आईटी अब सरकारी एजेंसियां नहीं रहीं बल्कि बीजेपी की विपक्ष मिटाओ सेल बन चुकी है। राहुल गांधी ने लिखा कि खुद भ्रष्टाचार में डूबी बीजेपी सत्ता की सनक में लोकतंत्र को तबाह करने का अभियान चला रही है। वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी पर बीजेपी के खिलाफ तल्ख टिप्पणी की है।

 

प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि विपक्ष मुक्त संसद, लोकतंत्र मुक्त भारत, सवाल मुक्त मीडिया और सौहार्द मुक्त जनता, बीजेपी का यही लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सारे राज्यों में एक-एक कर सरकारें गिराई जा रही है। विपक्षी नेताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। जो भारतीय जनता पार्टी में नहीं है, वह जेल जायेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री को हेमंत सोरेन को ईडी लगातर प्रताड़ित करना और इस्तीफा देने के लिए मजबूर करना इसी कुत्सित अभियान का हिस्सा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि बीजेपी को यह भ्रम है कि वह 140 करोड़ लोगों की आवाज को कुचल सकती है। जनता हर जुल्म का जवाब देगी। 

 

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जो मोदी जी के साथ नहीं जायेगा वह जेल जायेगा। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर ईडी लगाकर उनको त्यागपत्र देने के लिए मजबूर करना संघवाद की धज्जियां उड़ाना है। पीएमएलए के प्रावधानों को ड्रेकोनियन बनाकर विपक्ष के नेताओं को डराना-धमकाना अब बीजेपी की टूलकिट का हिस्सा है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि षड्यंत्र के तहत एक-एक कर विपक्ष की सरकारों को अस्थिर करने का बीजेपी का काम जारी है। उन्होंने कहा कि यदि लोकतंत्र को बचाना है तो बीजेपी को हराना होगा। 

 

गौरतलब है कि रांची जमीन घोटाला केस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बुधवार को 8 घंटे तक पूछताछ करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद ईडी अधिकारियों के साथ हेमंत सोरेन राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया गया। इसके बाद हेमंत सोरेन को ईडी ऑफिस ले जाया गया। कुछ देर बाद उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी ईडी दफ्तर पहुंचीं।