द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला रोड के सीनी मोड़ स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को गुरुवार को एक अनियंत्रित वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आदिवासी भूमिज मुंडा समाज, सीनी-सरायकेला के सक्रिय कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ताओं ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा को सम्मानपूर्वक सुरक्षित स्थान पर रख दिया। वहीं, घटना के बाद वाहन मालिक ने नई प्रतिमा बनवाने में होने वाले पूरे खर्च की भरपाई करने पर सहमति जताई है। समाज के प्रतिनिधियों ने नई प्रतिमा को लेकर मूर्तिकार से भी बातचीत की, जिन्होंने करीब एक महीने के भीतर नई प्रतिमा तैयार कर समाज को सौंपने का आश्वासन दिया है।

समाज के लोगों ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा को सम्मानपूर्वक रखा सुरक्षित
घटना के बाद समाज के लोगों ने ये सुनिश्चित किया कि क्षतिग्रस्त प्रतिमा को किसी तरह का अपमान न हो और उसे सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखा जाए। अब नई प्रतिमा तैयार होने का इंतजार है। मूर्तिकार की ओर से करीब एक महीने में प्रतिमा तैयार करने का आश्वासन दिया गया है। प्रतिमा तैयार होने के बाद उसे विधि-विधान के साथ सीनी मोड़ पर दोबारा स्थापित किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में समाज के प्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी और भगवान बिरसा मुंडा की नई प्रतिमा को पूरे सम्मान के साथ स्थापित किया जाएगा।