logo

पलामू के राजहरा में मालगाड़ी की 15 बोगियां बेपटरी, 2 ट्रेनें रद्द; राहत कार्य जारी

पलामू के राजहरा में मालगाड़ी की 15 बोगियां बेपटरी, 2 ट्रेनें रद्द; राहत कार्य जारी

पलामू
पलामू जिले के राजहरा रेलवे स्टेशन के समीप हुए मालगाड़ी हादसे को लेकर रेलवे प्रशासन ने आधिकारिक बुलेटिन जारी किया है। रेलवे के अनुसार, मालगाड़ी की कुल 15 बोगियां पटरी से उतर गई हैं, जिसके कारण इस रेलखंड पर यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है। हादसे के बाद रेलवे अधिकारियों और तकनीकी टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया, जहां राहत एवं बहाली कार्य युद्धस्तर पर जारी है।रांची-सासाराम एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें रद्द
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना के कारण अप और डाउन दोनों लाइनों पर परिचालन प्रभावित हुआ है। ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए इंजीनियरिंग, ऑपरेटिंग और सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम लगातार कार्य कर रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। हादसे के चलते कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा है। रेलवे ने एहतियातन रांची–सासाराम एक्सप्रेस तथा डेहरी-ऑन-सोन पैसेंजर ट्रेन को रद्द कर दिया है। इसके अलावा कुछ अन्य ट्रेनों के परिचालन में भी देरी होने की संभावना जताई गई है। यात्रियों से रेलवे की ओर से अपील की गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।दुर्घटना के बाद कई ट्रेनों की रफ्तार पर लगा ब्रेक
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और बहाली कार्य की निगरानी कर रहे हैं। दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, क्योंकि हादसा मालगाड़ी के साथ हुआ है। हालांकि, रेल परिचालन बाधित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे का कहना है कि प्राथमिकता ट्रैक को सुरक्षित रूप से बहाल कर जल्द से जल्द सामान्य परिचालन शुरू करना है। दुर्घटनाग्रस्त बोगियों को हटाने के लिए भारी मशीनों और विशेष रेलवे उपकरणों की मदद ली जा रही है। रेलवे प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि बहाली कार्य पूरा होते ही ट्रेनों का परिचालन सामान्य कर दिया जाएगा।

Tags - Palamu News Train Derailment Indian Railways Railway Accident Breaking News