द फॉलोअप डेस्क
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में पारिवारिक विवाद ने एक भयावह रूप ले लिया। बांसगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय किशोर पर अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप है। घटना सोमवार तड़के करीब तीन बजे की बताई जा रही है। परिवार के सभी सदस्य रात में अपने-अपने कमरों में सो रहे थे।
इसी दौरान आरोपी किशोर बड़े भाई के कमरे में पहुंचा और सो रहे परिवार पर हमला कर दिया। हमले में बड़े भाई, उसकी पत्नी और मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। कमरे में मौजूद नौ वर्षीय भतीजी ने घटना देख ली और चीखते हुए बाहर निकलकर परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी।
.jpg)
भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद था
इसके बाद शोर सुनकर पहुंचे पिता ने कमरे में खून से लथपथ शव देखे। आरोप है कि उस समय किशोर हाथ में हथियार लिए कमरे से बाहर निकल रहा था। इसके बाद वह मकान की ऊपरी मंजिल पर चला गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने परिवार के भीतर चल रहे विवाद और उपेक्षा की बात कही। वहीं पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि परिवार की किराना दुकान को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से तनाव था। बड़े भाई के गांव लौटने के बाद छोटे भाई को दुकान में अपने अधिकार को लेकर आशंका थी जिससे घर में अक्सर विवाद होता था।

घटना के बाद जांच में जुटी पुलिस
मृतक दंपति की नौ वर्षीय बेटी, जो इस घटना की प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने माता-पिता और छोटे भाई पर हमला होते देखा और बचाने की कोशिश भी की लेकिन आरोपी ने उसकी बात नहीं सुनी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है और पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और स्थानीय लोग इस जघन्य वारदात से स्तब्ध हैं।