द फॉलोअप डेस्क
शहर में लगातार दूसरे दिन हुई लूट की घटना पर जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सोमवार को जहां एक ज्वेलरी शॉप में लूट की वारदात हुई, वहीं मंगलवार को 30 लाख रुपये की लूट हो गई। इन घटनाओं को लेकर उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सरयू राय ने कहा कि इन दो घटनाओं से साफ पता चलता है कि पुलिस पूरी तरह विफल है। उन्होंने सवाल किया कि बिष्टुपुर जैसे पॉश इलाके में इस तरह की घटना कैसे घट गई। साथ ही उन्होंने पुलिस के सूचना तंत्र की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि खुफिया जानकारी देने वाले लोग आखिर क्या कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि इन सूचनाओं के लिए भारी मात्रा में जो गोपनीय धनराशि खर्च की जाती है, उसका क्या लाभ हुआ अगर पुलिस को समय पर सूचना ही नहीं मिल सकी। विधायक ने यह भी पूछा कि संबंधित थाना क्षेत्र में क्या चल रहा है, और क्या थानों की पुलिस सक्रिय है। सरयू राय ने यह भी कहा कि जितना ध्यान पुलिस हेलमेट चेकिंग में लगा रही है, अगर उसका आधा भी अपराध नियंत्रण में लगाया जाता, तो इस तरह की घटनाएं नहीं होतीं। उन्होंने चेताया कि लगातार दो दिन की इन वारदातों से शहर की जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
