द फॉलोअप डेस्क
झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के सुदूरपूर्व भाषा विभाग (कोरियाई भाषा) के विद्यार्थियों ने एक बार फिर उत्कृष्टता का परचम लहराया है। विभाग के दो विद्यार्थी- सिद्धार्थ नित्यम और शिवांगी कुमारी का चयन प्रतिष्ठित कंपनी, एजिलेंट टेक्नोलॉजीज़ इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड में हुआ है। कंपनी ने दोनों को ₹ 9.3 लाख का आकर्षक वार्षिक पैकेज ऑफर किया है। यह कंपनी मानेसर, गुरुग्राम में स्थित है और दोनों विद्यार्थी वहाँ बिजनेस प्रोसेस स्पेशलिस्ट - कोरिया (Business Process Specialist – Korea) के पद पर कार्यरत होंगे।
दोनों ने इसी वर्ष विभाग से कोरियाई भाषा में बी.ए. की डिग्री पूर्ण की है। सीयूजे के इंटरनेशनल सेल के अध्यक्ष, शशि कुमार मिश्रा ने बताया कि जिन छात्र - छात्राओं ने तीन वर्ष की पढ़ाई के बाद नौकरी करने का निर्णय लिया, उन सभी का सफलतापूर्वक प्लेसमेंट हो चुका है, जबकि अन्य विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए आगे बढ़ रहे हैं। वहीं विभाग के प्लेसमेंट ऑफिसर, डॉ मुकेश कुमार ने बताया कि इस वर्ष भी कोरियाई भाषा विभाग का प्लेसमेंट 100% रहा है। चयनित विद्यार्थियों को 7 लाख से 10 लाख रुपये वार्षिक का वेतन पैकेज प्राप्त हुआ है। .jpg)
विभागाध्यक्ष, प्रो. रबीन्द्रनाथ सरमा ने विभाग के सभी प्राध्यापकों को सराहा कि लगातार 12 वर्षों से विभाग ने 100% प्लेसमेंट का कीर्तिमान बनाया हुआ है, जो सराहनीय एवं प्रेरणादायक है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. क्षिति भूषण दास ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय और विभाग का मान बढ़ाती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि भाषा शिक्षा किस तरह वैश्विक करियर के द्वार खोलती है। कोरियाई भाषा विभाग उद्योग-सहयोग, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और कौशल-आधारित शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने का कार्य निरंतर कर रहा है। विभाग ने कोरिया के कई विश्वविद्यालयों और सैमसंग के साथ एमओयू भी किया हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि इस सफलता से प्रेरित होकर आशा है कि और भी विद्यार्थी विदेशी भाषाओं के जरिए उज्जवल करियर की ओर अग्रसर होंगे।