द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड में जतरा मेला देखकर लौट रही दो आदिवासी नाबालिग लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की बड़ी घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, लड़कियां मेले की भीड़ में अपने समूह से बिछड़ गई थीं। इसके बाद वे अपने एक परिचित युवक के साथ पैदल घर लौट रही थीं, तभी रास्ते में अपराधियों ने उन्हें अपना निशाना बनाया।
रास्ते में 6-7 युवकों ने उन्हें घेर लिया और पहले उनके साथ मौजूद युवक की बेरहमी से पिटाई कर उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद आरोपी दोनों नाबालिगों को जबरन पास के एक खेत में ले गए और उनके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ितों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।2.jpeg)
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके आदेश पर डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार महिला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों बच्चियों का मेडिकल कराया है और उनके बयान दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।4.jpeg)
पुलिस की टीम ने उस युवक से भी गहन पूछताछ की है जिसकी आरोपियों ने पिटाई की थी। एसडीपीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। स्थानीय ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि आरोपियों के हुलिए और उनके भागने की दिशा के बारे में पुख्ता जानकारी मिल सके।4.jpeg)
एसडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान लगभग कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। तकनीकी सेल की मदद से अपराधियों के लोकेशन ट्रैक किए जा रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।