द फॉलोअप डेस्क
मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर स्थित नंबर-9 में बीते मंगलवार की देर रात हुई फायरिंग की घटना में शामिल तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने इसका उद्भेदन कर दिया और आरोपियों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने जवाहरनगर के रोड नंबर-8 निवासी मोहम्मद अली को जान से मारने की नियत से फायरिंग की थी। इस घटना के पीछे आपसी विवाद को मुख्य कारण बताया जा रहा है।
घटना के बाद जमशेदपुर के सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के निर्देशन में हेडक्वार्टर वन डीएसपी भोला प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों, शाहिद अली उर्फ काला बाबू, मोहम्मद महबूब उर्फ टिंकू और फैसल अख्तर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम का एक पिस्टल, दो अन्य पिस्टल, फायर किए गए खोखे और 13 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी गिरफ्तार अपराधियों का पूर्व में अपराधिक इतिहास रहा है।
