logo

गूगल मैप से रास्ता भटककर उसरी नदी के पास पहुंचे 3 दोस्त,  तेज धार ने 2 को बहाया

ursi.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां उसरी नदी की तेज बहाव में तीन युवक बह गए। तीन में से एक युवक तैर कर बाहर निकल आया लेकिन दो युवक लापता हैं। यह घटना गिरिडीह शहर के बरगंडा के पुराने पुल के पास का है। घटना के बाद से इलाके में अफरा तफरी का माहौल है। वहीं घटना की जानकारी पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। पुलिस ने खंडोली के गोताखोर को खोजबीन कार्य में लगा दिया है। दोनों की तालाश जारी है। 


रास्ता भटककर नदी के पास पहुंचे 
बताया जा रहा है कि रविवार की रात को हजारीबाग के तीन युवक आनंद चौरसिया, मनीष मेहता व शंकर कुमार मेहता बेंगाबाद से वापस अपने घर की और लौट रहे थे। तीनों बाइक पर सवार थे और गूगल मैप का सहारा लेकर चल रहे थे। गिरिडीह कॉलेज के बाद मैप ने दो रास्ता दिखाया तो ये लोग पुराने पुल की तरफ आ गए, जिसका निर्माण कार्य चल रहा है. यहां आते ही तीनों को रास्ता नहीं दिखा। सबसे पहले शंकर बाइक से उतर कर नदी की धार को नापने की कोशिश करने लगा और इसी क्रम में वह बह गया। शंकर को बहता देख उसके दोनों साथी आनंद और मनीष भी नदी में उतर गए। दोनों शंकर को खोजने लगे लेकिन तेज धार ने इन दोनों को भी बहाना शुरू कर दिया। शंकर तो तैर कर बाहर निकल गया लेकिन मनीष तथा आनंद का कुछ भी पता नहीं चल सका। शंकर के मुताबिक जब वह पानी में गुम हो गया तो मनीष तथा आनंद ने एक बार खोज लिया। तीनों एक स्थान पर मिले भी लेकिन धार ने फिर से दोनों को बहा दिया। उसने अपने दोनों दोस्तों को काफी खोजा पर पता नहीं चला। 


खोजबीन जारी
घटना की जानकारी पर नगर थाना प्रभारी रामनारायण चौधरी व मुफस्सिल थाना प्रभारी कमलेश पासवान मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी ली और वरीय पदाधिकारी को मामले से अवगत कराते हुए खंडोली से गोताखोर की टीम को बुलाया गया। टीम दोनों की तलाश में जुटी है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT