logo

रामगढ़ : ट्रांसजेंडर समुदाय के खुले 3 सार्वजनिक शौचालय, सम्मान और सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम

bnbnuoibnr.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ जिला में ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए तीन  सार्वजनिक शौचालयों का उद्घाटन किया गया है। समुदाय के सदस्यों के साथ होने वाले भेदभाव को समाप्त करने और उन्हें सुरक्षित व सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने यह पहल की है। ये शौचालय रामगढ़ जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर, सदर अस्पताल और बस स्टैंड में स्थापित किए गए हैं। यहां 5 रुपये में शौच और 10 रुपये में स्नान की सुविधा उपलब्ध होगी। इन शौचालयों की खास बात यह है कि इनमें दिव्यांगजनों के लिए भी अलग से समुचित व्यवस्था की गई है। इनकी देखरेख की जिम्मेदारी सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस ऑर्गनाइजेशन को सौंपी गई है, जो देशभर में बड़े पैमाने पर सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण और संचालन के लिए जानी जाती है।
रामगढ़ के उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने इस अवसर पर कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों ने लंबे समय तक सामाजिक भेदभाव और असुविधाओं का सामना किया है। प्रशासन उनकी बाधाओं को दूर करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ट्रांसजेंडर सार्वजनिक शौचालय इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो समुदाय को सार्वजनिक स्थानों पर असुविधा से बचाएगा। प्रशासन का उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय को गरिमापूर्ण जीवन, समान अवसर, सामाजिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि ट्रांसजेंडर समुदाय के हित में चलाई जा रही योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उल्लेखनीय है कि झारखंड में ट्रांसजेंडर समुदाय लंबे समय से सार्वजनिक स्थानों पर अलग शौचालयों की मांग कर रहा था। पिछले वर्ष रांची में समुदाय द्वारा एक मार्च निकाला गया था, जिसमें रोजगार के अवसर, शिक्षा तक पहुंच, आवास, सार्वजनिक स्थानों पर अलग शौचालय और समान स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग प्रमुख रूप से शामिल थी।

 

Tags - Ramgarh transgender public toilets Jharkhand transgender facilities Transgender community toilets in Ramgarh Transgender rights in Jharkhand Public toilets for transgender community Ramgarh Collector Office public toilet Ramgarh bus stand toilet fac