logo

10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 3200 विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

khunti6.jpg

द फॉलोअप, खूंटी
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद खूंटी इकाई द्वारा दिनांक 14 एवं 15 मई 2026 को बिरसा कॉलेज खूंटी के बहुद्देशीय भवन में दो दिवसीय “प्रतिभा सम्मान समारोह सह शिक्षा मेला” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रथम दिन 14 मई को मैट्रिक (10वीं) परीक्षा में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले लगभग 3200 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। 15 मई को इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। 

मुख्य अतिथि अर्जुन मुंडा ने अपने संबोधन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करने की परंपरा समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और शिक्षा के माध्यम से ही समाज एवं राष्ट्र को नई दिशा दी जा सकती है। उन्होंने परिषद द्वारा लगातार प्रत्येक वर्ष इस प्रकार के आयोजन किए जाने को अत्यंत सराहनीय बताते हुए कहा कि ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रेरित करने में ऐसे कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अभाविप प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने अपने संबोधन में छात्रों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभाविप प्रदेश अध्यक्ष डॉ मौसमी पॉल ने कहा कि परिषद सदैव छात्रहित एवं शिक्षा के विकास के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया तथा कहा कि सफलता अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच से प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के वैज्ञानिक, शिक्षक, प्रशासक एवं राष्ट्रनिर्माता बनेंगे। बिरसा कॉलेज के प्राचार्य डॉ चंद्रकिशोर भगत ने परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करना शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायक कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा अपने जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

Tags - Jharkhand Khunti ABVP Talent Award 10th