logo

गोड्डा पुलिस का बड़ा एक्शन, साइबर ठगी कर रहे 4 अपराधी गिरफ्तार; कैश और एटीएम बरामद

ग्म्ह्ज.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के देवडाँड़ थाना क्षेत्र के परगोडीह में पुलिस ने छापेमारी कर साइबर ठगी के खेल में शामिल चार शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुरुवार को संध्या गश्ती के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जहां कुछ युवक पेड़ के नीचे बैठकर लोगों को चूना लगा रहे थे।
पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने चारों को खदेड़कर पकड़ लिया। पकड़े गए ठगों की पहचान गोड्डा निवासी राकेश कुमार और निरंजन मंडल, तथा दुमका के रामगढ़ थाना क्षेत्र निवासी अजय केवट और नितेश कुमार मंडल के रूप में हुई है। पूछताछ में इन आरोपियों ने कबूल किया कि वे मोबाइल के जरिए साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देते हैं।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने ठगी की भारी सामग्री बरामद की है। इनके पास से 45,000 रुपये नकद (सभी 500 के नोट), 4 स्मार्ट फोन, 6 सिम कार्ड, 3 क्रेडिट कार्ड, 3 एटीएम कार्ड, एक चेक बुक और एक पासबुक जब्त की गई है। पुलिस ने इनके खिलाफ देवडाँड़ थाना में बीएनएस (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पकड़े गए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इनके कॉल डिटेल्स और बैंक खातों को खंगाल रही है ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और ठगी के शिकार हुए लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। इस कार्रवाई के बाद से इलाके के साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update godda news godda khabar godda update