द फॉलोअप डेस्क
पंडरा ओपी थाना में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें चंदन कुमार (पंडरा निवासी), महेश साव (मांडर निवासी), दिनेश राय (रातू निवासी), कुणाल यादव (पंडरा निवासी) कुंदन कुमार यादव (पंडरा निवासी), अनमोल जयसवाल (फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी) समेत 2 महिलाओं को भी गिरफ्तार किया है। इसमें मीणा देवी और प्रिया कुमारी दोनों पंडरा निवासी शामिल है।
बता दें कि बीती रात शनिवार को राजधानी रांची के पंडरा ओपी थाना में बड़ा बवाल हो गया था। काफी संख्या में लोगों ने पंडरा थाने में अचानक हमला बोल दिया था। इस उपद्रव में थाना प्रभारी समेत पुलिसकर्मियों को भी गंभीर चोट आई है। दरअसल मामला एक हफ्ते पहले का है, जहां एक सड़क हादसे में गुमला जिले के निवासी घायल हो गए थे। जिसके बाद उनका इलाज रांची के एक अस्पताल में चल रहा था। लेकिन शनिवार देर रात उस शख्स की मौत हो गई। शख्स की मौत के बाद भारी संख्या में लोग परिजनों के साथ पहुंचे और सड़क जाम कर दी। इसके बाद पुलिस ने किसी तरह मामला शांत करवाया लेकिन थोड़ी ही देर में मामला फिर बिगड़ गया और लोगों थाने पर हमला बोल दिया।
दरअसल मामला बीते रविवार की है, जहां रांची के एक सड़क हादसे में एक शख्स घायल हो गया था। सड़क हादसे में एक ट्रेलर ने गुमला के पंडरा थाना क्षेत्र के निवासी को टक्कर मार दी थी। जिसके बाद रांची में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत से आक्रोशित परिजन सड़क जाम करने के लिए पहुंचे और मुआवजे की मांग की। सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह भीड़ को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद वहां से भीड़ को हटाया गया लेकिन कुछ ही देर में दोबारा भीड़ इकट्ठा हुई और बवाल शुरू हो गया।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि सड़क जाम हटवाने के बाद भीड़ थाने पहुंची थी, जिसके बाद भीड़ को वहां से समझाकर वापस भेजा गया। लेकिन कुछ ही देर बाद एक बार फिर से कुछ उपद्रवी पहुंचे और थाने पर हमला बोल दिया। जिसमें थानाधिकारी मनीष गुप्ता के सिर पर हमला किया गया जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद उन्होंने थाने में तोड़फोड़ शुरू कर दी। और पुलिस की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
