जमशेदपुर
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध जुआ कारोबार के खिलाफ देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. छापेमारी के दौरान नकदी, मोबाइल फोन, ताश के पत्ते और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गयी. गिरफ्तार लोगों में राजन गुप्ता उर्फ राजन, राजेश कुमार तुरहा उर्फ बड़कू, गोविंद कुमार साह, दीपक कुमार उर्फ दीपु, बंटी कुमार गुप्ता, बंटी कुमार तुरहा उर्फ लल्लन, सुखदेव सिंह और ललन कुमार ठाकुर उर्फ आजाद ठाकुर शामिल हैं. गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
मामले का खुलासा शुक्रवार को डीएसपी हेडक्वार्टर-2 मनोज कुमार ने किया. दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि रामनगर रोड स्थित बस्ती क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है और स्थानीय लोगों को लालच देकर पैसे ऐंठने की गतिविधियां भी की जा रही हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर देर रात छापेमारी की गयी. पुलिस ने मौके से आठ लोगों को गिरफ्तार कर पूरे इलाके को घेराबंदी कर नियंत्रण में लिया.

तलाशी के दौरान पुलिस ने कुल 35,520 रुपये नकद, सात मोबाइल फोन, 52 ताश के पत्ते और जुआ खेलने में प्रयुक्त दरी जब्त की. सभी आरोपियों के खिलाफ कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने बताया कि आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 292, 318(4), 3(5) तथा बंगाल जुआ अधिनियम 1867 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया गया है. छापेमारी का नेतृत्व थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने किया. पुलिस ने साफ किया है कि शहर में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.