logo

पूर्वी सिंहभूम : नए सिरे से संचालित किए जाएंगे 9 स्टोन माइंस, खुलेगा रोजगार का रास्ता

a821.jpg

पूर्वी सिंहभूम: 

पूर्वी सिंहभूम में खनन उद्योग में लोगों को रोजगार मिलेगा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पूर्वी सिंहभूम में 9 नई खदानें खुलने वाली हैं। ऐसे में जिले में एक बार फिर खनन कार्य में तेजी आएगी। दरअसल, जिले में कई नए खनिज खदानों को चालू करने की पहल की गई है। नई खदानों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गये हैं। पोटका में 6, बहरागोड़ा में 2 और पटमदा में 1 खदान खोलने की योजना है। गौरतलब है कि ये सभी स्टोन माइंस थीं जो वर्षों से बंद थीं। 


कहा जा रहा है कि नई खदानों के खुलने से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। जिले में आर्थिक गतिविधियों को गति देने तथा लोगों को रोजगार मुहैया कराने के उद्देश्य से खदानों को दोबारा चालू करने की पहल की गई है। 

लघु खनिज को लेकर डिटेल सर्वे होगा
दरअसल, राज्य में लघु खनिज को लेकर नए सिरे से डिटेल सर्वे रिपोर्ट तैयार किया जाएगा। 2017 के बाद फिर से लघु खनिज को डीएसआर तैयार करने को कहा गया है ताकि नए सिरे से माइंस का संचालन किया जा सके। उल्लेखनीय है कि जिले में करीब 54 से अधिक माइंस हैं लेकिन फिलहाल 16  ही सक्रिय रूप से संचालित हैं। बताया जाता है कि पर्यावरणीय स्वीकृति नहीं मिलने की वजह से बाकी खदानों को चालू नहीं किया जा सका है। 

कई नई खदानों का होगा संचालन
बताया जा रहा है कि छोटा हड़ियान के स्टोन ब्लॉक-ए में 2.35 हेक्टेयर भूमि पर नई खदानें खुलेंगी। इसके लिए 96105.77 क्यूबिक मीटर का डिपोजिट इन खदानों में किया गया है। इसके अलावा तिरुलडीह में स्टोन ब्लॉक है जिसके लिए नए सिरे से टेंडर निकाला गया है। 10.55 एकड़ जमीन पर ये स्टोन ब्लॉक फैला हुआ है जिसमें 43112.80 क्यूबिक मीटर स्टोन का डिपोजिट है। इसी तरह सोनापोर और डाटाबेड़ा इलाके में 18.29 एकड़ में फैले स्टोन डिपोजिट की नीलामी भी की गई है। 

सरकार के आदेश पर निकाला टेंडर
पूर्वी सिंहभूम के जिला खनन पदाधिकारी संजय कुमार शर्मा का कहना है कि नए सिरे से डीएसआर तैयार करने का आदेश हुआ है। नए खदानों के लिए टेंडर खोला गया है। इसमें काफी लोगों ने रुचि भी दिखाई है। इसको लेकर तकनीकी खामियों को दूर करते हुए खदानों को चालू करवाने की योजना है। सरकार के आदेश पर ऐसा किया जा रहा है।