नंदलाल तुरी
साइबर ठगी के नए-नए मामले लगातार सामने आ रहे हैं, लेकिन अब साइबर अपराधियों ने सरकारी योजनाओं की राशि पर भी अपना निशाना साधना शुरू कर दिया है। ताज़ा मामला पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहाँ मंईयां सम्मान योजना की राशि को लेकर साइबर ठगों द्वारा अवैध निकासी की गई है। तालझारी गांव की रहने वाली पीड़ित महिला ने बताया कि जैसे ही मंईयां सम्मान योजना की राशि उनके खाते में आनी शुरू हुई, उसी समय से खाते से पैसे की चोरी होने लगी। महिला के अनुसार, बार-बार बिना जानकारी के उनके खाते से रकम निकाली जा रही है।
सीएसपी संचालक ने जानकारी देते हुए बताया कि समस्या के समाधान के लिए महिला का पुराना खाता बंद कर नया खाता भी खोला गया, लेकिन इसके बावजूद अवैध निकासी का सिलसिला जारी है। लगातार हो रही इस ठगी के कारण पीड़ित महिला काफी परेशान है। फिलहाल महिला ने इस मामले की शिकायत लिट्टीपाड़ा थाना में दर्ज कराई है। पुलिस साइबर ठगों की पहचान और अवैध निकासी की जांच में जुट गई है।
