द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक प्रेमी-प्रेमिका को कमरे में प्रेमालाप करते हुए देख लिया। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रेमिका ने अपने प्रेमी को फतेहपुर मोड़ स्थित एक नए मकान में मिलने के लिए बुलाया था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना प्रेमिका के परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। सामाजिक दबाव और मान-सम्मान को देखते हुए ग्रामीणों ने दोनों की शादी गांव के पास स्थित महादेव पहाड़ी पर विधिवत रूप से करा दी।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही देवरी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और प्रेमी युगल को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। बताया जाता है कि दोनों के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था। फतेहपुर गांव में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि सामाजिक प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए दोनों की शादी कराना ही सबसे उचित कदम था।
