द फॉलोअप डेस्क
पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराइकेला थाना क्षेत्र स्थित सारंडा के दीघा सीआरपीएफ कैंप में तैनात सीआरपीएफ-134 बटालियन के एसआई भुलन राम (59) की रविवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद कैंप में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, एसआई भुलन राम की अचानक तबीयत खराब हुई और उन्हें उल्टियां होने लगीं। स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें तत्काल ओडिशा के बिसरा अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जवान का शव पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल सीआरपीएफ के अधिकारी मामले की जांच और औपचारिक प्रक्रिया में जुटे हैं।
