गिरिडीह:
Jharkhand News: गिरिडीह में डबल मर्डर (Giridih Double Murder) हुआ है। अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर ससुर और बहू की टांगी से मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय सुकर मंडल और उनकी बहू 30 वर्षीय शीला मंडल के रूप में हुई है। परिवार के 2 सदस्यों की इस प्रकार हत्या की वारदात से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। वारदात, गिरिडीह जिले के पचंबा थानाक्षेत्र अंतर्गत रानीखावा स्थित सुंडीटोला गांव की है। बताया जाता है कि सोमवार की देर रात करीब 2:00 बजे हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। सुबह दोनों का खून से लथपथ शव मिला।

परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
बताया जाता है कि अपराधी घर में घुसे और सुकर मंडल तथा उनकी बहू शीला मंडल पर टांगी से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। हालांकि, वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों की संख्या और उनकी पहचान के संबंध में फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी फैलते ही सुंडीटोला सहित आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के बीच भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

पचंबा पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पचंबा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटाने और अपराधियों की पहचान करने की दिशा में जांच की जा रही है। फिलहाल दोहरे हत्याकांड के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आपसी विवाद, पारिवारिक रंजिश सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का प्रयास है कि जल्द से जल्द घटना की गुत्थी सुलझाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
रात के अंधेरे में घर में घुसकर ससुर और बहू की हत्या किए जाने की इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।