धनबाद:
धनबाद में आवारा कुत्तों के झुंड ने 5 साल के मासूम बच्चे को नोंच खाया। घटना, गोनुडीह ओपी क्षेत्र की है जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने 5 साल के बच्चे पर हमला कर दिया। मृत बच्चे की पहचान अंकित के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मिली जानकरी के मुताबिक, अंकित घर के बाहर खेल रहा था कि तभी आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक उसपर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चो को नोंच खाया। गंभीर रूप से घायल अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

अंकित का शव देख चीत्कार उठे घरवाले
पूरी घटना गोंदूडीह ओपी क्षेत्र स्थित भोलानाथ बसेरिया, 4 नंबर यादव बस्ती की है। कुंदन यादव का 5 साल का बेटा अंकित यादव हनुमान मंदिर के पा खेल रहा था, तभी आवारा कुत्तों को झुंड वहां पहुंचा और अंकित को घेरकर हमला कर दिया। कुत्तों ने अंकित के शरीर को कई जगह बुरी तरह नोंच डाला। हमले में बच्चे को गंभीर चोट लगी, जिसकी वजह से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शोर-शराबा सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे तो अंकित को लहूलुहान हालत में पाया। सूचना पर पहुंचे परिजन अंकित के शव की हालत देखकर चीत्कार कर उठे। इस घटना से बस्ती में दुख के साथ आक्रोश का भी माहौल है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाया है।

नगर निगम पर लोगों ने जताई नाराजगी
स्थानीय लोगों ने कहा कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। लोगों में दहशत है। नगर निगम की ओर से लोगों को आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि नगर निगम ने समय रहते उचित कदम नहीं उठाया तो ऐसी घटना की पुनरावृति हो सकती है। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।