logo

बेटी का मुंबई में दाखिला कराकर लौटे टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी ने 10वीं मंजिल से कूदकर दी जान

बेटी का मुंबई में दाखिला कराकर लौटे टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी ने 10वीं मंजिल से कूदकर दी जान

जमशेदपुर:

जमशेदपुर के बिरसानगर थानाक्षेत्र के बारीडीह स्थित विजया गार्डन फेज-7 में सोमवार सुबह टाटा स्टील के  मर्चेंट मिल के पूर्व अधिकारी संदीप पाल (62) ने बहुमंजिला इमारत की 10वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गयी। लोग उन्हें तत्काल इलाज के लिए टीएमएच लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची बिरसानगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

घटना के वक्त सो रहे थे घरवाले
पुलिस के अनुसार, संदीप पाल सोमवार सुबह अपने फ्लैट से निकले और इमारत की छत पर चले गये। इसके बाद उन्होंने वहां से छलांग लगा दी। नीचे गिरने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गयी। घटना के समय परिवार के लोग घर में सो रहे थे। जानकारी मिलने के बाद परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

मुंबई में कराया था बेटी का दाखिला
परिजनों के अनुसार, संदीप पाल करीब 15 दिन पहले अपनी बेटी का मुंबई के एक कॉलेज में बीकॉम में दाखिला कराने के बाद जमशेदपुर लौटे थे। बेटी को मुंबई में छोड़कर आने के बाद से वह काफी परेशान और तनाव में थे। इसके बाद से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह डिप्रेशन में रहने लगे थे।

घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
बिरसानगर थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संदीप पाल के पिछले कुछ दिनों से तनाव में रहने की बात सामने आयी है। हालांकि, उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Tags - TATA Steel Former Officer Commit SuicideSuicideJamshedpurDepression