द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के कल्याणपुर, 172 बटालियन मुख्यालय में पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गौरतलब है कि 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में आतंकियों द्वारा सीआरपीएफ के काफिले पर हमला किया गया था, जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे। इस अवसर पर कमांडेंट अजय कुमार वर्मा ने शहीद जवानों के व्यक्तित्व और कृतित्व को बेजोड़ बताते हुए उनकी असामयिक शहादत को पूरे सीआरपीएफ परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि देश उनकी वीरता और बलिदान को सदैव याद रखेगा। कार्यक्रम के दौरान वाहिनी के अधिकारियों और जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किए और माल्यार्पण किया। सशस्त्र गार्ड द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर एवं शोक शस्त्र प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत सभी ने शहीदों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
