द फॉलोअप डेस्क
सिकिदरी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हुंडरू जलप्रपात पर एक बड़ा हादसा टल गया। शनिवार को जलप्रपात के पास स्थित मगतू मारादह जलाशय में डूब रहे हजारीबाग के एक स्कूल के तीन बच्चों को वहां तैनात पर्यटनकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
ये बच्चे हजारीबाग जिले के चुरचू स्थित आइडल चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल के थे, जो शैक्षणिक भ्रमण के लिए हुंडरू जलप्रपात आए थे। जानकारी के अनुसार, स्कूल के छात्र समूह में घूम रहे थे, तभी कुछ बच्चे मगतू मारादह के पास पानी में उतर गए। पानी की गहराई का अंदाजा न होने या अचानक पैर फिसल जाने के कारण वे डूबने लगे और मदद के लिए चिल्लाने लगे।
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद पर्यटनकर्मी तुरंत हरकत में आए। उन्होंने बिना समय गंवाए पानी में छलांग लगाई और बहादुरी दिखाते हुए तीनों बच्चों को डूबने से बचा लिया। समय पर की गई इस कार्रवाई की वजह से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। बचाव के बाद बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया गया। तीनों सुरक्षित हैं, हालांकि इस घटना के बाद उनके शिक्षक और साथी छात्र काफी डर गए थे। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और अन्य पर्यटकों ने पर्यटनकर्मियों की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
