logo

हजारीबाग में दूध बांटकर लौट रहे व्यक्ति को अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली, हालत गंभीर, जांच में जुटी पुलिस

emrt8w56e8e.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र अंतर्गत टाउन रेलवे स्टेशन के समीप आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब अज्ञात अपराधियों ने एक युवक पर गोली चला दी। दो राउंड फायरिंग में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना में घायल युवक की पहचान कुद निवासी उमेश प्रजापति के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, उमेश रोज़ की तरह घर से दूध बांटने निकले थे। लौटते समय रेलवे स्टेशन के पास पहले से घात लगाए अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाते हुए दो गोलियां चलाईं। घायल उमेश को स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में हजारीबाग के आरोग्यम अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अमित कुमार, सदर एसडीपीओ अमित आनंद, पुलिस निरीक्षक शाहीद रजा और कटकमदाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। सुरक्षा की दृष्टि से अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। परिजनों ने आशंका जताई है कि यह हमला जमीन विवाद को लेकर किया गया है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।



 

Tags - Latest jharkhand News Jharkhand News updates latest jharkhand News latest hazaribagh News hazaribagh Updates hazaribagh News in Hindi latest jharkhand news hazaribagh Breaking News breaking news hazaribagh