द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ करते हुए हरदयाल मंडल (उम्र करीब 35 वर्ष, गोड्डा निवासी) नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 28 अक्टूबर को संध्या गश्ती के दौरान की गई। पुलिस को यह सफलता तब मिली जब शाम करीब 5.05 बजे उन्हें गुप्त सूचना मिली कि ग्राम सरोतिया में नदी पुल के आगे सड़क किनारे पेड़ के नीचे बैठकर कुछ लोग साइबर ठगी कर रहे हैं।
गोड्डा पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, पुलिस दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सरोतिया गांव की ओर प्रस्थान किया। पुलिस की गाड़ी को देखते ही सड़क किनारे पेड़ के नीचे बैठे एक व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया। सशस्त्र बल की त्वरित सहायता से पुलिस ने भाग रहे इस व्यक्ति का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम हरदयाल मंडल बताया।
शुरुआत में हरदयाल मंडल भागने का कारण बताने से टालमटोल करता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने आखिरकार स्वीकार किया कि वह उस स्थान पर बैठकर साइबर ठगी का काम करता था। उसकी तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन, एक हरा रंग का iPhone 11 (Airtel सिम 9973864899) और एक ब्लू रंग का Redmi मोबाइल (Airtel सिम) बरामद किया। इसके अतिरिक्त, पुलिस को उसके पैंट की जेब से तीन पीस ATM कार्ड भी मिले, जिनमें YES BANK VISA Platinum, Omini Card Rupay Prepaid, और Equitas Bank Visa Platinum कार्ड शामिल हैं।
बरामदगी और पूछताछ के आधार पर, गोड्डा पुलिस ने हरदयाल मंडल के खिलाफ गोड्डा नगर थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने साइबर अपराध पर नकेल कसने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
