द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर की आम जनता जहां एक तरफ भारी बारिश से परेशान है। वहीं, जुगसलाई क्षेत्र के लोग शुद्ध पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। जुगसलाई क्षेत्र में रहने वाले लोग जल उपचार संयंत्र की कुव्यवस्था के कारण गंदा पानी पीने को विवश हैं। इसे देखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सोनकर के नेतृत्व में मंगलवार को समर्थकों और स्थानीय निवासियों ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रजातांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन कर जनता की आवाज बुलंद की और उपायुक्त को इस संदर्भ में ज्ञापन सौंपकर उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।
इस संदर्भ में मीडिया से बात करते हुए धर्मेंद्र सोनकर ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार लोगों को बेहतर सुविधा देने का हर संभव प्रयास कर रही है। लेकिन, चंद सरकारी अधिकारियों की उदासीनता और लापरवाही के कारण कई बार ये सुविधाएं आम जनता तक नहीं पहुंच पाती हैं। ऐसा ही एक मामला जुगसलाई नगरपालिका क्षेत्र का है, जहां कि नगरपालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 14 वार्ड के लगभग 75-80 हजार निवासी जल उपचार संयंत्र की कुव्यवस्था के कारण गंदा जल पीने को अभिशप्त हैं।
उन्होंने आगे बताया कि जनता की ऐसी तमाम समस्याओं को प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के संज्ञान में लाना हम जैसे कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं की नैतिक जिम्मेदारी और राजनीतिक कर्तव्य है। आज हम लोगों ने जिले के उपायुक्त कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर और उपायुक्त महोदय को इस संदर्भ में ज्ञापन सौंपकर उन्हें क्षेत्र की पेयजल संबंधित समस्याओं से अवगत कराया और इसे जल्द से जल्द दूर करने की मांग की है।
बताया कि उपायुक्त ने भी दूषित जल के सेवन से संबंधित गंभीर खतरों की संभावना को समझा और त्वरित कदम उठाते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये और जल्द से जल्द इस पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, ताकि शुद्ध पेयजल की आपूर्ति को सुनिश्चित किया जा सके। हमने रखरखाव के लिए जिम्मेदार कंपनी के खिलाफ भी सख्त से सख्त कदम उठाने का निवेदन किया, ताकि फिर कभी किसी एजेंसी द्वारा जनहित के मुद्दों को नजरअंदाज न किया जा सके।
इस कार्यक्रम में बब्लू झा, गुलाम अली, जावेद जमाल, राजू गद्दी, ओम प्रकाश सिंह , अजितेश उज्जैन, अभिजित सिंह, निरज सिंह, जितेंद्र सिंह, अमित डूबे, सुशील सिंह, सिद्दीक तोबाइ, राजेश सोनकर, पपु सोनकर, पवन पासवान, चिराग कुमार, बिट्टू प्रसाद, करण सोनकर, रिंकू राम, सन्नी सोनकर और छोटु गद्दी उपस्थित हुए।
