द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल में एक कलयुगी मां लक्ष्मी कुमारी ने अपनी चार वर्षीय मासूम बेटी रिद्धि कुमारी लोहार की गला घोंटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, निर्दयी मां ने अपनी बच्ची की बेरहमी से की गई हत्या के बाद घर के आंगन में गड्ढा खोदकर उसके शव को दफना तक कर दिया। इस घटना ने पूरे परिवार समेत स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। मामला चांडिल थाना क्षेत्र के घोड़ानेगी स्थित जगजीवन कॉलोनी (चांडिल डैम कॉलोनी) का है। मिली जानकारी के अनुसार, गला दबाकर हत्या करने के बाद आरोपी मां ने बच्ची के शव को घर के पीछे खाली स्थान पर गड्ढा खोदकर दफन कर दिया था और फिर सभी को गुमराह करने के लिए बच्ची के लापता होने का नाटक शुरू कर दिया। रविवार की दोपहर घटना के वक्त बच्ची का पिता सोनाराम लोहार काम पर गया हुआ था। वहीं, बच्ची के नाना-नानी भी किसी काम से बाहर गये थे। शाम को जब वे घर लौटे, तो बच्ची कहीं नजर नहीं आई। मां लक्ष्मी से पूछे जाने पर उसने अनजान बनने की कोशिश की और कहा कि उसे बच्ची के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इसके बाद बच्ची के लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर रविवार शाम करीब 7:30 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ बच्ची की तलाश शुरू की गई, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।

इसी बीच बच्ची के नाना-नानी पुलिस के साथ थाना में आवेदन देने चले गए। पुलिस की सक्रियता और बढ़ती हलचल से घबराई आरोपी मां ने पुलिस के जाते ही दफनाए गए बच्ची के शव को गड्ढे से बाहर निकाला और आंगन में फेंककर खुद फरार हो गई। रात करीब 11:30 बजे जब नाना-नानी घर लौटे, तो आंगन में बच्ची का शव देखकर उनके होश उड़ गए। पूरे घर में कोहराम मच गया। बच्ची की मां भी घर से गायब थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने आरोपी मां को घर से कुछ दूरी पर स्थित एक ईंट भट्ठे के पास पकड़ लिया। इसके बाद उसे बांधकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। चांडिल थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ ने बताया कि बच्ची के पिता की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मां लक्ष्मी कुमारी ने गला दबाकर अपनी बेटी की हत्या की और शव को छिपा दिया था। बाद में पुलिस के डर से शव को बाहर निकालकर आंगन में रख दिया। आरोपी मां साइको है। उसने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, करीब 15 दिन पहले भी आरोपी मां ने अपनी बेटी की हत्या करने की कोशिश की थी। तब पति ने अपने सास-ससुर को बुलाकर पूरी बात बताई थी, जिसके बाद वे मां-बेटी को अपने साथ चांडिल डैम कॉलोनी ले आए थे। फिलहाल पुलिस इस हृदयविदारक घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है। इलाके में घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है।