द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के तिसरी- पलमरुआ मुख्य मार्ग नैयाडीह मोड़ के पास शुक्रवार की सुबह स्कूली बच्चों से भरी एक सवारी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गढ्ढे में जा गिरी। घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। मौके पर आस-पास के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस घटना में आधा दर्जन से अधिक बच्चों को चोटें आई हैं। जिन्हें प्राथमिक इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार सवारी वाहन में आर्य पब्लिक स्कूल के बच्चे बैठे हुए थे। सड़क पर गिलानुमा मिट्टी होने के कारण तेज रफ्तार सवारी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गढ्ढे में जा पलटा। घटना के बाद ऑटो के माध्यम से घायल बच्चों को तिसरी अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन कर रही है।
.jpeg)