नंदलाल तुरी
पाकुड़ में शनिवार की सुबह करीब 11 बजे शहर में कोर्ट के समीप एवं अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) निवास के सामने मुख्य सड़क किनारे अचानक 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे भयानक आग लग गई। आग की तेज लपटें उठते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सौभाग्य से बगल में सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। यह इलाका शहर का व्यस्त भाग है, जहां हर समय लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। घटना के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। समय रहते की गई यह कार्रवाई बड़ी दुर्घटना को टालने में मददगार साबित हुई। लोगों ने राहत की सांस ली और प्रशासन से अपील की कि इस प्रकार के हाई वोल्टेज तारों की नियमित जांच की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
