द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के साकची स्थित एक रेस्टोरेंट के बाहर सोमवार की देर रात दो महंगी कारे जलकर पूरी तरह खाक हो गई। दरअसल, रात्रि करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार हुंडई की वरना कार ने सड़क किनारे खड़ी एक नई स्कॉर्पियो को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कुछ ही सेकंड में दोनों वाहन आग की लपटों में बदल गई। आग इतनी भयावह थी कि राहगीर दहशत में इधर-उधर भागने लगे और देखते ही देखते पूरा इलाका अफरातफरी में बदल गया।
इस दौरान धधकती आग की लपटें इतनी तीव्र थीं कि आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल गोलमुरी फायर बिग्रेड को घटना की सूचना दी। राहत की बात यह रही कि स्कॉर्पियो में उस वक्त कोई मौजूद नहीं था। वहीं, वरना में सवार चालक को हल्की चोटें आईं।.jpg)
चार दिन पहले खरीदी गई थी स्कॉर्पियो
नामदा बस्ती के रोशन सिंह परिवार के साथ साकची के रेस्टोरेंट में भोजन कर रहे थे। शोर सुनकर जैसे ही वे बाहर आये, अपनी नई-नवेली स्कॉर्पियो को पूरी तरह जलते देख सन्न रह गये। उन्होंने पुलिस को बताया कि यह गाड़ी मात्र चार दिन पहले ही खरीदी गई थी।
दमकल ने पाया काबू, पुलिस छानबीन में जुटी
लोगों की सूचना पर गोलमुरी फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों कारों की आग पर काबू पाया। इधर, साकची पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है कि हादसा तेज रफ्तार का नतीजा था या किसी और वजह से हुआ।
शहर में लगातार आग की घटनाएं चिंता बढ़ा रहीं
गौरतलब है कि ठीक इससे पहले सोमवार सुबह टाटानगर रेलवे स्टेशन के बाहर सीएनजी ऑटो में आग लगने के बाद दो धमाके हुए थे। शनिवार को भी स्टेशन परिसर के बाहर एक कार धधक उठी थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की टेक्निकल सेफ्टी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं।