logo

पाकुड़ : बालिका शिक्षा और कौशल विकास का मजबूत आधार, DC मनीष कुमार ने फेस संस्था की पहल को सराहा

dgjhryj.jpg

नंदलाल तुरी
बाल दिवस के अवसर पर पाकुड़ स्थित चापाडांगा प्रशिक्षण केंद्र में स्वयंसेवी संस्था फेस द्वारा बालिका शिक्षा एवं किशोर–किशोरी कौशल विकास परियोजना के तहत एक भव्य प्रतिभा उन्मोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में परियोजना से जुड़ी छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में संगीत, नृत्य, भाषण और नाटक शामिल थे, जो छात्रों की बढ़ती क्षमता को दर्शाते हैं।
कार्यक्रम में फेस की किशोर–किशोरी सशक्तिकरण परियोजना के चारों क्लस्टरों की छात्राओं ने विषयवार मॉडल्स का आकर्षक प्रदर्शन किया। इनमें अंग्रेजी, डिजिटल लर्निंग, सिलाई और स्वास्थ्य से संबंधित स्वनिर्मित मॉडल्स शामिल थे। इन मॉडल्स के बारे में छात्राओं ने दर्शकों को विस्तार से जानकारी दी, जिससे उनकी तकनीकी समझ और नवाचार की पहचान बनी। यह प्रदर्शन प्रतिभागियों के बढ़ते आत्मविश्वास और उनके भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।
मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त, पाकुड़ मनीष कुमार तथा सामाजिक कार्यकर्ता और फेस के बोर्ड सदस्य उपस्थित रहे। मनीष कुमार ने कहा कि फेस द्वारा बालिकाओं, किशोर–किशोरियों और समुदाय के वंचित वर्गों के लिए चलाए जा रहे शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रम सराहनीय हैं। ऐसे प्रयास बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन नवाचारपूर्ण और प्रभावी सामाजिक पहलों के साथ हमेशा सहयोग के लिए तत्पर है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में फेस के कार्यकर्ताओं, मेहबूब आलम, प्रिया दास, निकिता झा, सहादत, देवज्योति और अन्य का अहम योगदान रहा। फेस की सचिव रितू पांडेय ने मुख्य अतिथियों और सभी उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संस्था के सशक्त समाज निर्माण के संकल्प को फिर से दोहराया।

 

Tags - Latest jharkhand News Jharkhand News Updates latest Jharkhand News jharkhand News in Hindi Pakur News Pakur News Updates latest Pakur News Pakur news Pakur news in hindi latest jharkhand News Pakur updates in hindi