logo

हजारीबाग में पलटा पाम OIL से लदा टैंकर, रिफाइंड तेल समझकर ग्रामीणों ने लूटा

yuirty7uin.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के गोरहर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग NH-2 पर सोमवार की देर रात करीब दो बजे एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। कोलकाता-हल्दिया से हाजीपुर, पटना की ओर जा रहा NL01-AB-6720 नंबर का एक भारी टैंकर अचानक सड़क किनारे पलट गया। इस टैंकर में कच्चा पाम ऑयल यानी Crude Palm Oil लदा हुआ था, जिसे औद्योगिक उपयोग के लिए भेजा जा रहा था।

हादसे के तुरंत बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा होने लगे। देखते ही देखते सैकड़ों की भीड़ वहां जुट गई, लेकिन सबसे चौंकाने वाला दृश्य तब देखने को मिला जब ग्रामीण खाने वाला रिफाइन ऑयल समझकर इस कच्चे तेल को बर्तनों, बाल्टियों, ड्रमों और बोतलों में भरकर घर ले जाने लगे।
टैंकर चालक अमरेंद्र सिंह ने बताया कि रात करीब दो बजे गाड़ी का टाई रॉड कट जाने से स्टेयरिंग जाम हो गया। गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैंकर के ऊपरी हिस्से में दरार आ गई और उसमें भरा कच्चा तेल सड़क पर फैल गया। चालक ने बताया कि “हमने लोगों को समझाने की कोशिश की कि ये खाने योग्य तेल नहीं है, लेकिन कोई मानने को तैयार नहीं था।”

स्थानीय ग्रामीण यह सोचकर तेल भरने में जुट गए कि यह खाने का रिफाइन तेल है और घर में इस्तेमाल किया जा सकता है। कई लोग बर्तन, बाल्टी और यहां तक कि अपने कपड़ों में भी तेल भरने लगे। कुछ लोगों ने मोटरसाइकिल के पीछे ड्रम बांधकर उसे लेकर जाने की कोशिश की। दृश्य ऐसा था मानो किसी ने राहत सामग्री बांट दी हो, पर हकीकत में यह “राहत नहीं, खतरा” था।
अन्य वाहन चालकों और कुछ जानकारों ने मौके पर ग्रामीणों को चेताया कि टैंकर में जो तेल गिरा है, वह कच्चा पाम ऑयल है जो खाने योग्य नहीं होता। इसे आगे रिफाइनरी में प्रोसेस करके रिफाइंड ऑयल बनाया जाता है। इस कच्चे तेल में मौजूद अशुद्धियाँ, भारी धातु और रासायनिक अंश सीधे स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकते हैं। इसे खाना जहरीला साबित हो सकता है, जिससे पेट, लीवर और स्किन संबंधी रोग हो सकते हैं।

हादसे के बाद NH-2 पर लंबा जाम लग गया। गोरहर थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाने और आवागमन बहाल करने का प्रयास शुरू किया, लेकिन भीड़ इतनी अधिक थी कि पुलिस को कई बार हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। एक ओर सड़क पर पलटा भारी टैंकर पड़ा था, दूसरी ओर लोग तेल लूटने में व्यस्त थे और बीच में फंसी पुलिस व्यवस्था संभालने में जूझ रही थी।
रात से लेकर सुबह तक हजारों लीटर कच्चा तेल सड़क पर फैलकर बह गया। कुछ ग्रामीण इसे ड्रमों में भरकर अपने घरों में ले गए हैं। कई जगहों पर तेल सड़क पर जम गया है, जिससे फिसलन बढ़ गई है और हादसे की आशंका बनी हुई है। पुलिस प्रशासन ने फायर ब्रिगेड और एनएचआई की टीम को बुलाकर सड़क की सफाई का कार्य शुरू करवाया है।



 

Tags - Latest jharkhand News Jharkhand News Updates latest hazaribagh news hazaribagh news updates hazaribagh Crude oil news Crude Oil News updates hazaribagh Crude Oil Updates latest jharkhand News Latest jharkhand Jharkhand News updates