logo

जमशेदपुर में खड़े ट्रेलर में टेंपो ने मारी टक्कर, चालक की मौत, एक यात्री गंभीर घायल

khabar_,_.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के हाथी-घोड़ा मंदिर के समीप सोमवार देर रात सड़क के बीचोबीच खड़े एक ट्रेलर से तेज रफ्तार टेंपो की टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में टेंपो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेंपो में सवार एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर अंधेरे स्थान पर सड़क के बीच खड़ा था और उसमें कोई इंडिकेटर या चेतावनी संकेत नहीं लगाया गया था। इसी कारण तेज रफ्तार से आ रहा टेंपो ट्रेलर की ट्रॉली से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो चालक ड्राइवर सीट पर ही स्टेयरिंग में फंस गया। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने काफी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद चालक और घायल यात्री को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल यात्री का इलाज एमजीएम अस्पताल में जारी है।
हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर और टेंपो को जब्त कर थाना ले लिया है। पुलिस के अनुसार, ट्रेलर रविवार देर शाम बीच सड़क पर खराब हो गया था। चालक द्वारा उसमें कोई इंडिकेटर या चेतावनी संकेत नहीं लगाए जाने के कारण यह हादसा हुआ। मामले की जांच की जा रही है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news jamshedpur news jamshedpur khabar jamshedpur update road accident news