द फॉलोअप डेस्क
चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक महिला की गला काटकर हत्या कर दी गई। महिला की पहचान 45 वर्षीय गीता देवी रूप में हुई है। सोमवार देर रात आरोदाना के पानुसाही जंगल से उनका शव बरामद किया गया। मृतका किशनपुर स्थित नारायण बांध टोला की निवासी थीं। पुलिस मौके पर पहुंची है और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, गीता देवी सोमवार दोपहर करीब 3 बजे घर से पास के जंगल में महुआ चुनने के लिए निकली थीं। लेकिन शाम 5 बजे तक वह घर नहीं पहुंची। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद देर शाम सदर थाना में गुमशुदगी की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पूरी रात चले अभियान के दौरान रात करीब 1 बजे महुआ के एक पेड़ के नीचे गीता देवी का शव बरामद हुआ। हत्यारों ने टांगी से उनके गले पर कई वार किए थे। जिससे गला लगभग धड़ से अलग हो गया था। शव के पास ही खून से सनी टांगी भी पड़ी मिली, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपी हथियार वहीं छोड़कर फरार हो गए।
