द फॉलोअप डेस्क
आजकल इंसान से इंसान की दूरी बढ़ती जा रही है और लोग एक-दूसरे से संबंधों को बेहतर बनाने की दिशा में कभी गंभीरता से नहीं सोचते हैं। यही कारण है कि समाज और परिवार में टूट की भावना बढ़ रही है। लेकिन, इन सब के बीच, गुमला और रांची के सीमा पर स्थित बेड़ो और भरनो के बीच एक ऐसा विशाल पेड़ है, जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। इस पेड़ की विशेषता यह है कि जब आप इसे ध्यान से देखेंगे तो इसमें तीन तरह के पेड़ के पत्ते दिखेंगे एक पीपल का पत्ता, दूसरा बरगद का और तीसरा बाकर का। यह तीनों पत्तियां एक-दूसरे से इस तरह जुड़ी हुई हैं कि दूर से देखने पर यह लगता है कि यह एक ही पेड़ है।
यह पेड़ केवल एक प्राकृतिक अद्भुतता नहीं है, बल्कि समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश भी देता है। यह संदेश है कि समाज में विभिन्न जातियां, धर्म, और समुदाय के लोग रहते हैं, लेकिन अगर वे मिलकर रहें, तो समाज का स्वरूप निश्चित रूप से बेहतर हो सकता है। यह तीनों पेड़ों का संगम लोगों को यह दिखाता है कि विविधता में भी एकता हो सकती है, और यही एकता समाज को मजबूत बनाती है। यह दृश्य न केवल स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना है, बल्कि इस पेड़ के प्रति लोगों का आस्था और विश्वास भी गहरा है। कुछ लोग इसे एक दिव्य चमत्कार मानते हैं और इसकी पूजा भी करते हैं।
स्थानीय व्यक्तियों की मान्यता के अनुसार, यह पेड़ आज से लगभग 30 साल पहले एक शिक्षक द्वारा लगाया गया था, जिन्होंने तीनों पेड़ों को एक साथ लगाया था। इसके बाद यह पेड़ इस रूप में बड़ा हुआ कि दूर से यह एक ही पेड़ जैसा दिखता है, जबकि यह असल में तीन पेड़ों का संगम है। यह अद्भुत दृश्य समाज को एकता और समरसता का संदेश देता है, लेकिन दुख की बात यह है कि हमारा समाज इस संदेश को पूरी तरह से नहीं समझ पा रहा है। शायद यही कारण है कि भारत, जो एक समय में "अनेकता में एकता" के सिद्धांत पर गर्व करता था, आज धीरे-धीरे अपनी एकता खोता जा रहा है।
आज भी भारत को एक लोकतांत्रिक देश के रूप में देखा जाता है, जहाँ प्रेम और सद्भावना की अनोखी मिसाल देखने को मिलती है, लेकिन यह प्रेम और सद्भावना अब पहले जैसी नहीं रही। यह एक चिंता का विषय बन चुका है, क्योंकि समाज में दरारें बढ़ती जा रही हैं। हालांकि, इस पेड़ को देखकर अगर मानव समाज कुछ प्रेरणा ले, तो हम अपने समाज में कुछ सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। यह संदेश हमें यह याद दिलाता है कि समाज की मजबूती और खुशहाली केवल तभी संभव है, जब हम एक-दूसरे के प्रति सम्मान, प्यार और समझ का व्यवहार करें, चाहे हमारी पहचान कुछ भी हो।
