द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले के अति नक्सल प्रभावित पेशरार थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक मोटरसाइकिल मिस्त्री का काम करता था।
बताया जाता है कि शराब के नशे में धुत युवक की किसी बात को लेकर अपनी मां और बहन से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि धक्का-मुक्की के दौरान युवक घर के अंदर ही गिर पड़ा, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट लग गई। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पेशरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
मृतक की पहचान पेशरार निवासी गोविंद सिंह के पुत्र सोमे सिंह के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार में अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
