द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के एक युवक ने ऐसा उल्लेखनीय कार्य किया है, जिससे पूरे जिले का नाम रांची से लेकर देश की राजधानी दिल्ली तक गूंज रहा है। जिले के जुलू पार्क निवासी सुश्रुत कुमार सिंह द्वारा दिए गए 8 सुझावों को झारखंड सरकार ने बजट निर्माण के लिए स्वीकार कर लिया है।
झारखंड सरकार ने बजट निर्माण के लिए आम जनता से सुझाव आमंत्रित किए थे। पूरे राज्य से सरकार को 2000 से अधिक सुझाव प्राप्त हुए, जिनमें से केवल 34 सुझावों को शॉर्टलिस्ट किया गया। खास बात यह रही कि इनमें से 8 महत्वपूर्ण सुझाव अकेले सुश्रुत कुमार सिंह के थे, जिन्हें सरकार ने स्वीकार किया। इससे पहले सुश्रुत कुमार सिंह को गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ, नई दिल्ली में परेड देखने का विशेष निमंत्रण भी प्राप्त हुआ था। वहीं, 29 जनवरी को रांची में आयोजित एक कार्यक्रम में झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया।

सरकार द्वारा जिन सुझावों को स्वीकार किया गया है, वे मुख्य रूप से खाद्य विभाग, स्वास्थ्य सेवाएं, परिवहन व्यवस्था और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) जैसे अहम क्षेत्रों से जुड़े हैं। सुश्रुत कुमार सिंह का कहना है कि आने वाले समय में इन सुझावों को सरकारी नीतियों में लागू होते हुए देखा जा सकेगा। सुश्रुत की इस उपलब्धि से उनके माता वर्षा सिंह और पिता सुशील कुमार सिंह बेहद उत्साहित हैं। परिवार के साथ-साथ पूरे हजारीबाग जिले में गर्व और खुशी का माहौल है। यह उपलब्धि न सिर्फ सुश्रुत कुमार सिंह के लिए, बल्कि हजारीबाग के युवाओं के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा बनकर सामने आई है।
.jpg)