द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ जिला मुख्यालय के नगर थाना क्षेत्र स्थित गांधी चौक के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहाँ एक निजी स्कूल बस (DPS) की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के प्यादापुर (महुआडांगा) निवासी मृदुल चंद्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृदुल अपने वृद्ध माता-पिता का इकलौता सहारा और घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय दुकानदारों ने दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने बाजार की दुकानों को बंद कर दिया है और सड़क के बीचों-बीच टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे और बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सड़क जाम होने के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। विशेषकर पाकुड़ स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टोटो, ऑटो और अन्य निजी वाहनों के पहिए थम जाने से यात्री अपने सामान के साथ पैदल चलने को मजबूर हैं। कई यात्रियों की ट्रेनें छूटने की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों में भारी परेशानी देखी जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना पुलिस और अंचलाधिकारी (CO) अरविंद कुमार बेदिया मौके पर पहुँचे। मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद अंचलाधिकारी और पुलिस बल आक्रोशित भीड़ को समझाने और सड़क से जाम हटाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन ने दोषियों पर कार्रवाई और सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजे का भरोसा दिया है।
