द फॉलोअप डेस्कः
गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र में एक युवक की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान लोटवा गांव के 35 वर्षीय बिनोद गोप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बिनोद रविवार को मझकेरा गांव से एक शादी समारोह में भाग लेने कोलेबिरा गए थे। वे जोगोटोली निवासी बिरसा मुंडा की बोलेरो गाड़ी से यात्रा कर रहे थे। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वापस लौटने के बाद जोगोटोली में गाड़ी छोड़कर पैदल अपने घर जा रहे थे। दोपहर 12:30 बजे बनागुटु बाजारटांड़ से कुछ आगे करंज पेड़ के पास अज्ञात अपराधियों ने उनकी हत्या कर दी।
रांची में काम करते थे बिनोद
घटना की सूचना मिलते ही बसिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला भेज दिया। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बिनोद रांची स्थित एक राइस मिल में काम करते थे। वे कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आए थे। उनके दो छोटे बच्चे हैं। पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किसने और किस कारण से इस घटना को अंजाम दिया।