द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के बिरसनागर थाना क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास के पास मंगलवार को 29 वर्षीय युवक बिपद तरन पात्रा का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले है, जिससे पत्थर से कूचकर युवक की हत्या करने का अनुमान लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने शव को पहले देखा। जिसके बाद इसकी सूचना बिरसानगर थाना की पुलिस को दी गई। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। वहीं, घटनास्थल को सील के मामले की तहकीकात में जुट गई है। आसपास के क्षेत्रों की छानबीन की जा रही है और घटनास्थल की ओर जाने वाले रास्तों के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच में यह भी संभावना जताई जा रही है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई हो और शव को बाद में निर्माणाधीन इमारत के पास लाकर फेंका गया हो। फिलहाल पुलिस का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होंगे।
जानकारी के अनुसार, मृतक बिपद तरन पात्रा मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र का निवासी था और फिलहाल जमशेदपुर में अपने परिवार के साथ रह रहा था। घटना के बाद मृतक के भाई प्रवीण मोहंती ने अपने भाई की हत्या होने की आशंका व्यक्त की है। साथ ही पूरे मामले में पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
