जामताड़ा:
जिले के मिहिजाम थानाक्षेत्र में एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म, डराने-धमकाने तथा मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर स्थानीय पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह मामला मिहिजाम थाना कांड संख्या 66/2026 के तहत 7 सितंबर 2026 को दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 127(2), 70(1), 308, 351 एवं 3(5) के तहत केस दर्ज किया है।

पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ लिया
इस केस में गौरव ऋतिक, आमबगान निवासी सपना रजक और श्यामत समेत 2 अन्य अज्ञात युवकों को नामजद किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी गौरव ऋतिक को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी चित्तरंजन रेलइंजन कारखाना (चिरेका) में कार्यरत है और वह विवाहित बताया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी विस्तृत जांच की जिम्मेदारी पुलिस अवर निरीक्षक प्रदीप राणा को सौंपी गई है। पुलिस की विशेष टीमें अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की सघनता से पड़ताल कर रही हैं और उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।

पुलिस इन साक्ष्यों पर करेगी जांच
पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान, उपलब्ध भौतिक व तकनीकी साक्ष्यों तथा आरोपियों की संलिप्तता की निष्पक्ष जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी समेत अन्य के खिलाफ लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किए जाने वाले साक्ष्यों के आधार पर होगी।