logo

गोड्डा के मेहरमा आधार सेवा केंद्र पर मनमानी वसूली, तय शुल्क से अधिक पैसे लेने का आरोप 

aadhar_seva.jpg

गोड्डा  

आज के समय में आधार कार्ड एक अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है, चाहे नवजात शिशु हो या वरिष्ठ नागरिक, हर किसी के पास आधार कार्ड होना बेहद जरूरी है। किसी भी सरकारी या वित्तीय सेवा का लाभ लेने के लिए आधार अनिवार्य है। वहीं आधार कार्ड बनवाने का सबसे सही केंद्र आधार सेवा केंद्र को माना जाता है। जहां आसानी से सरकारी शुल्क के तहत नया आधार कार्ड सहित इससे संबंधित सारे काम किए जाते हैं। लेकिन गोड्डा जिले के मेहरमा प्रखंड परिसर स्थित जेएसपीएल भवन में संचालित आधार सेवा केंद्र पर आम लोगों से नियमों के विरुद्ध शुल्क वसूले जाने का मामला सामने आया है।

सरकार द्वारा तय रेट लिस्ट भी कहीं प्रदर्शित नहीं

इस केंद्र में लोग दूर-दराज से पहुंचते हैं। लेकिन आरोप है कि आधार अपडेट और अन्य सेवाओं के नाम पर निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक पैसे लिए जा रहे हैं। केंद्र पर सरकार द्वारा तय रेट लिस्ट भी कहीं प्रदर्शित नहीं की गई है, जिससे आम लोगों को सही जानकारी नहीं मिल पाती। सरकारी नियमों के अनुसार फिंगरप्रिंट अपडेट के लिए 125 रुपये, उम्र संशोधन के लिए 75 रुपये, मोबाइल नंबर अपडेट के लिए 75 रुपये निर्धारित हैं, जबकि नया आधार कार्ड बनाने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए।

प्रशासन से इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग

इसके बावजूद लाभुकों का आरोप है कि हर प्रकार के कार्य चाहे अपडेट हो या लिंकिंग के लिए 200 रुपये तक की वसूली की जा रही है। कई लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यदि वे शिकायत करते हैं, तो भविष्य में उनका काम नहीं किया जाएगा, इस डर से वे खुलकर सामने नहीं आ पा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण इलाकों से किराया देकर अपना काम छोड़कर केंद्र तक पहुंचते हैं, लेकिन वहां भी उन्हें मनमानी वसूली का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि यूआईडीएआई द्वारा निर्धारित शुल्क के बावजूद केंद्र संचालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता बनी रहे।

Tags - aadhaar seva kendra illegal charges government rules violation uidai guidelines public complaints